शामली। शामली में मेरठ से शामली आ रही एक बस में बुजुर्ग यात्री की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। बुजुर्ग लोई सराय से बस में सवार होकर शामली स्थित अपने घर की ओर आ रहे थे। बस सिंभलका बाईपास के पास पहुंची, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। कुछ ही देर बाद बस के अंदर ही उनकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, लोई सराय निवासी महेंद्र पुत्र नानक मेरठ से शामली आने वाली बस में बैठे थे। वह बस से अपने गांव लोई सराय की ओर जा रहे थे। रास्ते में सिंभलका बाईपास के पास उनकी हालत अचानक खराब हो गई। बस में मौजूद लोगों ने उनकी तबीयत बिगड़ते देखी। इसके बाद कुछ ही देर में बुजुर्ग ने बस के अंदर ही दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया। बस कंडक्टर कपिल ने तुरंत 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बलवा चौकी इंचार्ज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली और घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने बुजुर्ग की पहचान लोई सराय निवासी महेंद्र पुत्र नानक के रूप में की। पुलिस की जांच-पड़ताल के बाद परिजनों को शव सौंप दिया गया।















