शामली। विश्वकर्मा स्पोर्ट्स क्लब शामली द्वारा समाज की विलक्षण प्रतिभाओं एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां प्राप्त करने वाले व्यक्तित्वों के सम्मान की श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए जनपद शामली के वरिष्ठ अधिवक्ता मनोज जांगिड़ जी के जिला शासकीय अधिवक्ता नियुक्त होने पर उनका भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया।
विश्वकर्मा स्पोर्ट्स क्लब शामली की बैठक में मनोज जांगिड़ जी को पगड़ी पहनाकर एवं सम्मान प्रतीक भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर क्लब के विशेष सहयोगी प्रदीप रमेश विश्वकर्मा ने कहा कि मनोज जांगिड़ की यह उपलब्धि केवल उनके व्यक्तिगत जीवन की सफलता नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए गौरव का विषय है। जिला शासकीय अधिवक्ता जैसे महत्वपूर्ण दायित्व पर उनकी नियुक्ति से न्याय व्यवस्था में निष्पक्षता और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना को और मजबूती मिलेगी। क्लब के कोच संजय धीमान ने कहा कि विश्वकर्मा समाज की प्रतिभाओं का सम्मान करना क्लब के लिए गौरव की बात है। नवनियुक्त जिला शासकीय अधिवक्ता मनोज जांगिड़ ने सम्मान के लिए विश्वकर्मा स्पोर्ट्स क्लब शामली का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रवीण पांचाल, मनोज धीमान, प्रदीप रमेश विश्वकर्मा, कन्हैया लाल पांचाल, सोहिल धीमान, मनीष जांगिड, अजय बाबू शर्मा आदि भी मौजूद रहे।















