लखनऊ। हुसैनगंज पुलिस ने सोमवार को आगरा से अरमान खान को गिरफ्तार किया है, जो यूपी पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा-2025 के प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने का झूठा वादा करके अभ्यर्थियों से पैसे ऐंठ रहा था। आरोपी ने टेलीग्राम पर 'यूपी एसआई एग्जाम पेपर यूपी एसआई 2026' और 'रिजल्ट पैनल' नामक नकली चैनल चलाए थे। इन चैनलों के माध्यम से परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने का दावा किया गया था। मामला तब सामने आया जब यूपी पुलिस भर्ती बोर्ड की इंटरनेट मीडिया सेल ने निगरानी के दौरान टेलीग्राम पर फर्जी संदेशों की पहचान की। बोर्ड के मीडिया सेल प्रभारी निरीक्षक सतेन्द्र कुमार ने 12 मार्च 2026 को हुसैनगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। जांच में पता चला कि एक चैनल पर 20 हज़ार रुपये लेने का दबाव बनाया गया था, जबकि अन्य चैनलों पर परीक्षा से पहले एडवांस में 10 हज़ार रुपये और शेष रकम बाद में लेने की बात कही गई थी। पैसे प्राप्त करने के लिए यूपीआई आईडी, क्यूआर कोड और बैंक विवरण साझा किए गए थे। हुसैनगंज पुलिस ने आगरा पहुंचकर सोमवार सुबह अरमान खान को उसके निवास स्थान से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अमेज़न गिफ्ट वाउचर के ज़रिए लेनदेन को छिपाने की कोशिश की थी। अमेज़न से प्राप्त डेटा से पता चला कि अरमान ने पांच लाख रुपये के गिफ्ट वाउचर ख़रीदे थे और एक सहयोगी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था। इस मामले में कंप्यूटर नेटवर्क और इंटरनेट प्लेटफ़ॉर्म के दुरुपयोग की कोशिश की गई थी।















