शामली। राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह के निर्देश पर पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश सरकार में नगर विकास एवं ऊर्जा विभाग के कैबिनेट मंत्री ए.के. शर्मा से लखनऊ में मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल में पूर्व विधायक वारिस राव, विधायक प्रसन्न चौधरी, विधायक गुलाम मोहम्मद, अशोक बालियान सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल रहे। बैठक के दौरान नगर निकायों में स्वकर प्रणाली में अनियमितताओं और स्मार्ट मीटर के कारण आम लोगों को हो रही समस्याओं को विस्तार से रखा गया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि स्मार्ट मीटर लागू होने के बाद उपभोक्ताओं को बिलिंग संबंधी दिक्कतों और तकनीकी खामियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं नगर निकायों में स्वकर प्रणाली को लेकर भी पारदर्शिता की कमी की शिकायतें सामने आ रही हैं, जिससे लोगों में असंतोष बढ़ रहा है। कैबिनेट मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने और समस्याओं के समाधान के लिए उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया।
पूर्व विधायक वारिस राव ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार सरकार के समक्ष अपनी बात रख रहा है। उन्होंने कहा कि आम जनता को राहत दिलाना ही पार्टी की प्राथमिकता है और आगे भी इस दिशा में प्रयास जारी रहेंगे।















