नई दिल्ली। केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार और निर्वाचन आयोग के खिलाफ विपक्षी दलों के बढ़ते विरोध प्रदर्शनों और नई खुफिया रिपोर्टों को देखते हुए बड़ा फैसला लिया है। CEC ज्ञानेश कुमार को Z+ श्रेणी की सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करते हुए उसमें अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की है। यह कदम दिल्ली और आगरा में उनके आवासों के बाहर हुए प्रदर्शनों के बाद एहतियातन उठाया गया है।
निर्वाचन सदन पर अर्धसैनिक बलों की घेराबंदी
सुरक्षा एजेंसियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त के नई दिल्ली स्थित आधिकारिक आवास के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के आगरा में स्थित उनके पारिवारिक घर पर भी सुरक्षा घेरा और मजबूत कर दिया है। इसके अलावा अशोका रोड स्थित 'निर्वाचन सदन' (चुनाव आयोग मुख्यालय) के बाहर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), रैपिड एक्शन फोर्स (RAF), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) और दिल्ली पुलिस के जवानों की अतिरिक्त कंपनियां तैनात की हैं। अधिकारियों का कहना है कि आवास के आसपास 24 घंटे विशेष पुलिस पिकेट्स और पेट्रोलिंग यूनिट्स मुस्तैद रहेंगी।
यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन, सुरक्षा के किए गए कड़े इंतजाम
इससे पहले भारतीय युवा कांग्रेस ने 27 सितंबर को उनके इस्तीफे की मांग को लेकर उनके आवास के बाहर प्रदर्शन किया था, जिन्हें पुलिस और सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत रोक दिया था। अधिकारियों के मुताबिक, नई मोती बाग कॉलोनी स्थित उनके घर के बाहर और अंदर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कॉलोनी के बाहर एक पूरी बस में अर्धसैनिक बल तैनात किया गया है और हर आने-जाने वाले पर पैनी नजर रखी जा रही है।















