शामली। सहारनपुर के एमएल एवं जेएनके गर्ल्स कॉलेज में सात अक्टूबर को आयोजित पांचवीं अंतरमहाविद्यालयीय जूडो प्रतियोगिता में आरके पीजी कॉलेज शामली के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के ओवरऑल परिणाम में कॉलेज की पुरुष और महिला दोनों टीमें उपविजेता रहीं।
पुरुष वर्ग के 60 किलोग्राम भार वर्ग में वसीम खान ने रजत, 81 किलोग्राम में अभिनव कर्दियान ने रजत तथा 90 किलोग्राम भार वर्ग में कुणाल सरोहा ने रजत पदक हासिल किया। महिला वर्ग में 48 किलोग्राम भार वर्ग में वंशिका ने कांस्य, 52 किलोग्राम में अंशु ने रजत और 70 किलोग्राम भार वर्ग में सलोनी ने स्वर्ण पदक जीता। खिलाड़ियों की उपलब्धि पर कॉलेज के प्राचार्य प्रो. एमके जॉली और स्पोर्ट्स प्रमुख डॉ. प्रवीन अहमद ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। कॉलेज में सभी विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। खिलाड़ियों को भविष्य में भी मेहनत और लगन से खेलों में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया गया।















