नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके, यूट्यूबर ध्रुव राठी और अभिनेता-सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश राज के नेतृत्व में लोगों ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित अनियमितताओं को लेकर गुरुवार को यहां मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन किया और उनके तत्काल इस्तीफे की मांग की। महिलाओं और छात्रों समेत विभिन्न वर्गों के लोग बड़ी संख्या में फ्रीडम पार्क में एकत्र हुए।
महिलाओं के साथ एकजुटता जताते हुए ''चप्पल प्रदर्शन''
प्रदर्शन के दौरान माहौल अचानक बेहद जोशीला हो गया और लगातार नारेबाजी होती रही। प्रदर्शनकारी SIR प्रक्रिया को रद्द करने तथा ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। आयोजकों के अनुसार, यह प्रदर्शन पूरे कर्नाटक से SIR के कथित पीड़ितों के लिए आयोजित 'जनता की अदालत' का हिस्सा था। इसके बाद महिलाओं के साथ एकजुटता जताते हुए ''चप्पल प्रदर्शन'' किया जाएगा।
प्रदर्शनकारियों ने ''तानाशाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी''
प्रदर्शनकारियों ने जो पोस्टर लहराए, उनमें 'एरर 404-नेम नॉट फाउंड', 'इट्स डन ब्रो, रिजाइन सर', (अब बहुत हुआ, सर इस्तीफा दीजिए) और 'डोंट इरेज अस, हियर अस' (हमें मत मिटाइए, हमारी बात सुनिए) जैसे नारे लिखे थे। कुछ प्रदर्शनकारियों ने ''तानाशाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी'', ''वोट चोरी'' और ''ज्ञानेश कुमार, अपनी कुर्सी छोड़ो'' जैसे नारे भी लगाए। प्रदर्शन स्थल पर स्वतंत्रता सेनानियों भगत सिंह और सुभाष चंद्र बोस की तस्वीरों वाले पोस्टर भी दिखाई दिए।
नाम मतदाता सूची से हटा दिया गया
इसके अलावा ''लोकतंत्र की महा चोरी'' जैसे नारे लिखे पोस्टर भी नजर आए। बेंगलुरु में रहने वाले सॉफ्टवेयर इंजीनियर मुजीबुर रहमान ने कहा कि ''यह हमारा लोकतांत्रिक अधिकार है। हमारे मतदान के अधिकार को हमसे छीन लिया गया है। लोकतंत्र को बचाने के लिए हमें एकजुट होना होगा, क्योंकि मेरा अपना वोट ही छीन लिया गया है।'' उन्होंने आरोप लगाया कि उनका नाम मतदाता सूची से हटा दिया गया है और उन्हें नहीं पता कि उनका नाम हटाने की मांग करने वाला फॉर्म-7 आवेदन किसने जमा किया था। पुलिस ने कहा कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।















