शामली। राजकीय नर्सेस संघ द्वारा अपनी मांगों व समस्याओं का समाधान न होने के विरोध में शुक्रवार को हाथों पर काली पट्टी बांधकर काम किया। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों को जल्द पूरा न किया गया तो 22 अक्तूबर को लखनऊ में धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार राजकीय नर्सेस संघ द्वारा अपनी 13 सूत्रीय मांगों को लेकर शासन प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर समाधान की मांग की थी। संगठन का आरोप है कि उनकी समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है जिस कारण नियमित नर्सिंग अधिकारियों व कर्मचारियों मंे आक्रोश है। इसी के तहत शुक्रवार को सभी अधिकारियों व कर्मचारियों ने अपने हाथों पर काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों ने सीएमओ ज्ञापन भी सौंपा। उन्होंने बताया कि 21 अक्तूबर को सुबह 8 बजे से 10 बजे तक दो घंटे कार्य बहिष्कार एवं चिकित्सालय परिसर में एकत्र होकर शासन व प्रशासन का विरोध किया जाएगा। 22 अक्तूबर को प्रदेशभर के नर्सिंग सवर्ग द्वारा स्वास्थ्य महानिदेशालय लखनऊ पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा, साथ ही समस्याओं का निराकरण न होने पर प्रदेशभर के अधिकारी व कर्मचारी अनिश्चितकाल के लिए सुबह 8 से 10 बजे तक दो घंटे का कार्य बहिष्कार करेंगे। इस अवसर पर ओमकार पुरी, सुमित वैष्णव, सपना, हीना, विमल, रक्षिका आदि भी शामिल रहे।















