नई दिल्ली: भारत के महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर अपने बेटे अर्जुन को आईपीएल 2026 में मैदान पर देख भावुक हो गए. इस सीजन में वह लखनऊ सुपरजायंट्स की टीम में शामिल थे. सीजन में उन्हें लगातार 13 मैचों तक मौका नहीं मिला था. लीग स्टेज के आखिरी मैच में अर्जुन को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया, जिसमें उन्होंने बेहतरीन खेल दिखाया. पंजाब किंग्स के खिलाफ अर्जुन ने लखनऊ के लिए चार ओवर की गेंदबाजी की, जिसमें उन्होंने सिर्फ 36 रन देकर 1 विकेट भी हासिल की. अर्जुन अपनी टीम के लिए सबसे किफायती गेंदबाज रहे हैं.
बेटे के इस दमदार प्रदर्शन को देख सचिन तेंदुलकर खुद रोक नहीं पाए और आधी रात को सोशल मीडिया पर अर्जुन तेंदुलकर के लिए एक भावुक पोस्ट लिख डाला. सचिन ने अर्जुन के लिए कहा, “शाबाश, अर्जुन! इस सीजन में आपने जिस तरह से खुद को संभाला, उस पर मुझे गर्व है. आपने हमेशा अपनी क्षमताओं पर भरोसा रखा, धैर्य बनाए रखा, चुपचाप कड़ी मेहनत की और आखिरी मैच तक मौका मिलने का इंतजार करने के बावजूद सकारात्मक बने रहे. क्रिकेट में कौशल के साथ-साथ धैर्य की भी परीक्षा होती है और आज आपने दोनों को बखूबी निभाया. अपने पैर जमीन पर रखें और हमेशा की तरह खेल के प्रति अपना प्यार बनाए रखें. हमेशा आपके लिए मेरा स्नेह रहेगा.”















