शामली। गांव लाख में बुधवार को गेहूं की कटाई के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, अंकित उर्फ सचिन (22) पुत्र पीलू, निवासी गांव लाख, अपने ताऊ तेजवीर (55), ताऊ के बेटे ब्रह्मपाल (29) और पड़ोसी सुमित के साथ खेत में मशीन से गेहूं की कटाई कर रहा था। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आकर अंकित उर्फ सचिन की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना में तेजवीर, ब्रह्मपाल और सुमित भी आंशिक रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद तीनों घबराकर बेहोश हो गए थे, जिन्हें बाद में संभाला गया। घायलों का स्थानीय स्तर पर उपचार कराया गया।
बताया गया है कि मृतक अंकित उर्फ सचिन की शादी नवंबर 2025 में हुई थी। युवक की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और एसडीएम सदर अर्चना शर्मा सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों को ढांढस बंधाया और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।















