शामली। कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह पुलिस और अंकित बालियान हत्याकांड से जुड़े दो आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह के मुताबिक, पुलिस की आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में दोनों आरोपी घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई।
एसपी एनपी सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह करीब चार बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि अंकित बालियान हत्याकांड में शामिल बताए जा रहे दो शूटर शामली की तरफ आ रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस सक्रिय हुई और संबंधित थानों की टीमों को मौके पर बुलाया गया।
पुलिस के अनुसार, घेराबंदी के दौरान आरोपी पुलिस को चकमा देकर मन्ना माजरा की ओर भागने लगे। होटल राजमहल के निकट आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इस दौरान एक गोली पुलिस की गाड़ी में लगी, जबकि दो पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हो गए।

पुलिस का कहना है कि जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों को गोली लगी। घायल पुलिसकर्मियों और आरोपियों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दोनों आरोपियों की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतकों की पहचान सुमित पुत्र धर्मपाल और मोहित के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक दोनों राझड़ा, सोनीपत, हरियाणा के रहने वाले थे।
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से अवैध असलहा बरामद होने की जानकारी दी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच की जा रही है।















