शामली। जिला संयुक्त चिकित्सालय के गेट पर महिला द्वारा बच्चे को जन्म दिए जाने व चिकित्साकर्मियों द्वारा पीडित परिवार के साथ दुर्व्यवहार किए जाने के मामले में शुक्रवार को भाकियू के जिलाध्यक्ष शांता प्रधान के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने भी सीएमओ आफिस पहुंचकर जमकर हंगामा किया। उन्होंने कहा कि असारा निवासी महिला कौसर जो कांधला से रैफर होकर जिला चिकित्सालय पर आयी थी, उसे चिकित्सालय के स्टाफ द्वारा भर्ती नहीं किया गया, साथ ही परिवार के साथ दुर्व्यवहार भी किया जिस कारण महिला ने अस्पताल गेट पर ही बच्चे को जन्म दे दिया। उन्होंने इस प्रकरण में दोषी चिकित्सक व चिकित्साकर्मियों को निलंबित करने की मांग की। इसके अलावा अस्पताल में तैनात चिकित्सक जो अपना निजी नर्सिंग होम चला रहे हैं, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाए। भाकियू ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर कोई विचार न किया गया तो भाकियू आंदोलन पर मजबूर हो जाएगी। इस अवसर पर कपिल खाटियान, चौ. लोकेन्द्र सिंह, संजय कालखंडे, रणकुमार, नरेन्द्र पंवार, संजीव मलिक, विदेश मलिक, संजीव राठी, मोहित शर्मा, संजीव प्रधान, कविता चौधरी आदि भी मौजूद रहे। सीएमओ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।















