शामली। जनपद में केन्द्रीय विद्यालय में पहले शैक्षिक सत्र के दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो गई है। गुरुवार को विद्यालय के प्राचार्य और शिक्षकों का ग्रामवासियों ने जोरदार स्वागत किया। पहले सत्र मंे कक्षा एक से चार तक के बच्चों के दाखिले होंगे।
केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने गत अक्तूबर के प्रारंभ में शामली में केन्द्रीय विद्यालय खोलने को मंजूरी प्रदान की थी। गत मंगलवार को केन्द्रीय शिक्षा राज्यमंत्री जयंत सिंह ने अपने ट्विटर हैंडल एक्स पर शामली के ग्राम काबड़ौत में कृष्णा विद्या मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के अस्थायी भवन में शैक्षणिक सत्र 2026-27 से ही केन्द्रीय विद्यालय में कक्षाएं प्रारंभ होने की जानकारी दी थी। जिसके बाद केन्द्रीय विद्यालय संगठन नई दिल्ली के अपर आयुक्त ने पत्र जारी कर कक्षा एक से चार तक एक-एक सेक्शन शुरू करने की घोषणा की थी।इसके अलावा केवीए संगठन के क्षेत्रीय कार्यालय आगरा की उपायुक्त इन्दिरा मुद्गल ने शामली के लिए नरेश प्रसाद को प्रभारी प्राचार्य और हिमांशु मित्तल व आशुतोष को सहायक शिक्षक की तैनाती दी।
गुरुवार को ग्राम काबड़ौत स्थित केन्द्रीय विद्यालय के अस्थायी भवन में पहले शैक्षणिक सत्र के लिए दाखिले की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई। गांववासियों ने स्कूल स्टाफ को मालाएं पहनकर और मिठाई खिलाकर जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर किसान नेता चौधरी अनिल मलिक, ग्राम प्रधान राजीव मलिक ने प्राचार्य नरेश प्रसाद को विद्यालय के सुचारू संचालन के लिए काबड़ौत सहित आसपास के ग्रामीणों के पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालय के संचालन मंे हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। इस अवसर पर देवेन्द्र प्रधान झाल, विनोद मलिक, वीरसिंह मलिक, रणधीर सिंह, देवेंद्र मलिक, अमित प्रधान, बिजेंद्र सिंह, वीरेंद्र सिंह, जसवंत, सहेंद्र सिंह आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे।















