शामली। सीबीएसई की 10वीं परीक्षा के परिणाम में अब्दुल्ला ने 97.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जनपद में पहला स्थान हासिल किया है। अब्दुल्ला शहर के सिल्वर बैल्स पब्लिक स्कूल का छात्र है और वह प्रसिद्ध बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अकबर खान का पुत्र है।
इस साल के परिणाम में सिल्वर बैल्स पब्लिक स्कूल ने शानदार प्रदर्शन किया। अब्दुल्ला के अलावा, विद्यालय की छात्रा रिदिमा गोयल ने 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दूसरे स्थान पर जगह बनाई। इसी तरह, संस्कृति पब्लिक स्कूल बंतीखेडा के छात्र अर्नव ने भी 97 प्रतिशत अंक प्राप्त किए और जनपद में दूसरे स्थान पर रहे। स्कॉटिश इंटरनेशनल स्कूल शामली के तीन छात्रों रुद्राक्ष गोयल, अक्षिता अग्रवाल और रौनक गर्ग ने 96.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया। रिजल्ट घोषित होते ही शामली के स्कूलों में खुशी का माहौल था। मेधावी छात्रों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी सफलता का जश्न मनाया। सीबीएसई बोर्ड की कोऑर्डिनेटर अंजलि दूबे ने कहा कि इस बार का रिजल्ट शानदार रहा है और बच्चों को उनकी मेहनत का उचित फल मिला है। मेधावी छात्रों की सफलता पर उनके परिवार और स्कूल प्रबंधन ने उन्हें बधाई दी और उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। परीक्षा परिणाम के बाद छात्र-छात्राओं ने जमकर जश्न मनाया। उन्होने एक दूसरे को सोशल मीडियो ंके माध्यम से भी बधाई दी। बच्चे एक दूसरे के घर मिठाई लेकर पहुंचे और बधाई दी। परीक्षा परिणाम देख परिजनों में भी खुशी का माहौल बना रहा।















