शामली। जनपद के कांधला कोतवाली परिसर में आयोजित थाना समाधान दिवस में जिलाधिकारी आलोक यादव एवं पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र प्रताप सिंह ने जनसमस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के सख्त निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद फरियादियों की समस्याओं को एक-एक कर सुना और स्पष्ट कहा कि सभी शिकायतों का समयबद्ध तरीके से समाधान किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण मौके पर जाकर जांच के आधार पर किया जाए, ताकि वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके और पीड़ितों को न्याय मिल सके।
थाना समाधान दिवस में विशेष रूप से भूमि विवाद से जुड़े मामलों पर राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम को समन्वय स्थापित कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि ऐसे मामलों में पारदर्शिता और निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र प्रताप सिंह ने भी अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और शिकायतों को गंभीरता से लेकर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर एडिशनल एसपी सुमित शुक्ला, एसडीएम कैराना शिवाजी यादव, क्षेत्राधिकारी कैराना, कोतवाली प्रभारी सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।















