शामली। शहर के धीमानपुरा रेलवे फाटक के पास शुक्रवार को एक बार फिर जाम लग गया। जाम के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब डेढ़ घंटे तक लोग जाम में फंसे रहे, जबकि मौके पर पुलिस नदारद रही।
दरअसल, शुक्रवार दोपहर जैसे ही दिल्ली से सहारनपुर के लिए ट्रेन रवाना हुई और रेलवे फाटक खोला गया, तो दोनों ओर खड़े वाहन चालकों में आगे निकलने की होड़ मच गई। जल्दबाजी के चलते वाहन चालक नियमों की अनदेखी करते हुए एक-दूसरे से आगे निकलने का प्रयास करने लगे, जिससे कुछ ही देर में स्थिति बिगड़ गई और लंबा जाम लग गया।
जाम की स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि धीमानपुरा रेलवे फाटक से लेकर शिव चौक, मिल रोड और गुरुद्वारा तक सैकड़ों वाहन फंस गए। इसमें दुपहिया, चार पहिया और छोटे-बड़े व्यावसायिक वाहन भी शामिल रहे। जाम में फंसे लोगों को गर्मी और धूल के कारण भी काफी परेशानी झेलनी पड़ी। कई लोग अपने गंतव्य तक पहुंचने में देरी के चलते परेशान नजर आए। स्थानीय निवासी पंकज कुमार, रामबीर का कहना है कि रेलवे फाटक पर जाम लगना आम बात हो गई है। फाटक खुलते ही वाहन चालक अव्यवस्थित तरीके से निकलने लगते हैं, जिससे अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। लोगों ने आरोप लगाया कि जाम के दौरान पुलिस मौके पर मौजूद नहीं रहती, जिससे समस्या और बढ़ जाती है। यदि समय पर पुलिसकर्मी मौजूद रहें तो जाम की स्थिति को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। उधर, एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। यातायात पुलिस को अलर्ट कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे और लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।















