थानाभवन। गांव भैंसानी इस्लामपुर, मसावी और हसनपुर लुहारी में स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं की कमी का मुद्दा युवा जन सेवा समिति ने प्रदेश सरकार के सामने प्रमुखता से उठाया है। समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. आसिफ ने बुधवार को उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपते हुए क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया।
ज्ञापन में बताया गया कि उक्त गांवों की कुल आबादी करीब 75 हजार है, लेकिन क्षेत्र में एक भी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उपलब्ध नहीं है। ग्रामीणों को सामान्य बीमारी के उपचार के लिए भी दूरदराज क्षेत्रों में जाना पड़ता है, जिससे समय और धन की हानि होती है। आपात स्थिति में मरीजों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ता है। समिति ने क्षेत्र में जल्द से जल्द प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित कराने की मांग की। इसके अलावा राजकीय इंटर कॉलेज मसावी में शिक्षकों की भारी कमी का मुद्दा भी उठाया गया। ज्ञापन में कहा गया कि विद्यालय में करीब 400 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं, जबकि पूरे विद्यालय में केवल एक शिक्षक, जो प्रधानाचार्य हैं, कार्यरत हैं। एक ही शिक्षक द्वारा सभी विषयों का संचालन संभव नहीं होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। युवा जन सेवा समिति ने मांग की है कि क्षेत्र के गांवों में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना कराई जाए तथा राजकीय इंटर कॉलेज मसावी में छात्रों की संख्या के अनुरूप शीघ्र शिक्षकों की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए।















