शामली। शहर के बुढाना रोड पर ई-रिक्शाओं में एक दर्जन से अधिक स्कूली बच्चों को ले जाने के मामले में यातायात प्रभारी ने कडा रुख अपनाते हुए शुक्रवार को करीब एक दर्जन ई-रिक्शाओं के चालान काटे। इससे ई-रिक्शा चालकों में हडकंप मच गया। यातायात प्रभारी ने चेतावनी दी कि यदि ई-रिक्शा में क्षमता से अधिक बच्चे बैठाए गए तो कडी कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार शहर में कई स्कूलों में बच्चों को लाने व ले जाने के लिए ई-रिक्शाएं भी लगायी गयी है लेकिन ई-रिक्शा चालक सभी नियम कायदे ताक पर रखकर एक दर्जन से अधिक बच्चों को ढोने का काम कर रहे हैं। गुरुवार को शहर के बुढाना रोड पर ऐसा ही एक नजारा देखने को मिला था जहां ई-रिक्शाओं मंे दर्जनभर से अधिक बच्चों को ढोया जा रहा था। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए यातायात प्रभारी निधि चौधरी ने कडा रुख अपनाते हुए शुक्रवार को बुढाना रोड पर बच्चों को ढोने वाली करीब एक दर्जन ई-रिक्शा चालकों के चालान काटे वहीं कडी कार्रवाई की भी चेतावनी दी। यातायात प्रभारी की इस कार्रवाई से ई-रिक्शा चालकों में हडकंप मचा रहा। यातायात प्रभारी ने बताया कि बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड करने वाले ऐसे ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।















