शामली। नगर पालिका द्वारा शहर के सभी छोटे-बडे नालों की सफाई का काम जोरों से किया जा रहा है। इस कार्य में मिनी एक्सेवेटर मशीन का उपयोग किया जा रहा है। बुधवार को नगर पालिका चेयरमैन अरविन्द संगल ने सफाई व्यवस्था का निरीक्षण कर दिशा निर्देश दिए।
बुधवार को नगर पालिका चेयरमैन अरविन्द संगल ने शहर के छोटे बडे नालों की सफाई के कार्य में जुटी मिनी एक्सेवेटर मशीनों द्वारा की जा रही साफ सफाई का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था को कायम रखना नगर पालिका परिषद् शामली का प्रथम कर्त्तव्य है, यदि हमारा शहर साफ व स्वच्छ है तो हमारे शहर के नागरिक भी स्वस्थ होगे। उन्होंने शहरवासियों से आहवान किया कि वे नाली एवं नालों में किसी भी प्रकार का कूडा न डालें क्योंकि नालों से ही शहर के गंदे पानी की निकासी होती है, यदि नाले अवरुद्ध हो जाएंगे तो पानी की निकासी न होने से शहर में जलभराव की समस्या पैदा हो जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर की नाली व नालों की साफ सफाई व्यवस्था सुचारू रूप से बनाए रखने के लिए कुबोटा यू22-3 मिनी एक्सकेवेटर से छोटे नालों की सफाई का कार्य कराया जा रहा है। यह मशीन मुख्य रूप से अपनी कांपैक्टनेस मजबूती और जापानी तकनीक के लिए खास मानी जाती है। यह मशीन 1 घंटे के भीतर लगभग 10 से 15 मजदूरों का काम कर सकती है। बरसात का मौसम शुरू होने से पूर्व शहर के सभी छोटे बडे नालों की सफाई का काम किया जा रहा है। इस मौके पर अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार सोलंकी, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक अनिल कुमार सहित अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।















