नई दिल्ली। कांग्रेस ने CJI सूर्यकांत के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्टी कह रही है कि अगर कानून और व्यवस्था संभालना उनका काम नहीं है, तो वे इस्तीफा दे दें। उनकी जगह कोई और व्यक्ति ढूंढ लिया जाएगा जो इसे संभाल सके। दरअसल, यह बयान CJI के उस बयान के बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि दिल्ली के हालिया विरोध प्रदर्शनों से बनी स्थिति उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं आती और यह कानून-व्यवस्था का मुद्दा है।
दरअसल, केरल कांग्रेस ने न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक पोस्ट को दोबारा शेयर करते हुए लिखा कि प्रिय सूर्यकांत, अगर कानून और व्यवस्था आपका काम नहीं है तो अभी इस्तीफा दे दें। हम आपकी जगह कोई ऐसा व्यक्ति ढूंढ लेंगे जो इसे संभाल सके।
मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत दिल्ली में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की 33वीं वर्षगांठ के कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे। जब उनसे दिल्ली के हालिया विरोध प्रदर्शनों और उन पर लगाई गई पाबंदियों के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने साफ कहा कि यह कानून-व्यवस्था का मुद्दा है और उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता।
बता दें कि पिछले कुछ दिनों में दिल्ली में कई विरोध प्रदर्शन हुए हैं। इनमें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की गई है। यह मांग वोटर लिस्ट की स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) में कथित गड़बड़ियों और अन्य मुद्दों को लेकर की जा रही है। और यह मामला अब सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है।















