वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फिर ईरान को चेतावनी दी। ट्रुथ सोशल पर रविवार को उन्होंने ईरान के बड़े पावर प्लांट और पुलों पर हमले की धमकी दी। उन्होंने ईरान से होर्मुज़ स्ट्रेट खोलने को कहा और ऐसा ना करने पर बेहद बुरे परिणाम भुगतने की वार्निंग दी। धमकी और चेतावनी वो पहले भी देते रहे हैं लेकिन इस बार ट्रंप ने जिन शब्दों का इस्तेमाल किया उसे लेकर दुनिया भर में बहस शुरू हो गई है।
वो अपशब्द हम यहां नहीं लिख सकते लेकिन लोग कह रहे हैं कि एक राष्ट्रपति का ऐसी भाषा इस्तेमाल करना शर्मनाक है।
न्यू मेक्सिको से डेमोक्रेट सांसद मेलिनी स्टेंसबरी ने कहा कि ट्रंप के खि़लाफ़ अब कांग्रेस और कैबिनेट को एक्शन लेना चाहिए। वर्मोंट से सीनेटर और डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद के नामांकन के लिए दो बार उम्मीदवार रह चुके बर्नी सैंडर्स ने एक्स पर लिखा, ईरान युद्ध शुरू होने के एक महीने बाद ईस्टर संडे को अमेरिका के राष्ट्रपति ऐसा बयान देते हैं। यह बेसिर पैर की बातें मानसिक रूप से असंतुलित एक व्यक्ति कर रहा है। कांग्रेस को तुरंत एक्शन लेना होगा। इस युद्ध को फ़ौरन ख़त्म किया जाए।
न्यू मेक्सिको से डेमोक्रेट सांसद मेलिनी स्टेंसबरी ने लिखा, राजा निर्वस्त्र है। 25वें संशोधन को लागू करने का समय अब आ गया है। कांग्रेस और कैबिनेट को अब कार्रवाई करनी चाहिए। अमेरिकी संविधान के 25वें संशोधन में राष्ट्रपति को पद के लिए अक्षम मानते हुए उनकी शक्तियाँ उपराष्ट्रपति को सौंपने का प्रस्ताव है।
ट्रंप ने ये पोस्ट ईरान में एक अमेरिकी एफ़-15 ईगल विमान गिराए जाने के बाद पोस्ट किया। इस विमान के लापता क्रू मेंबर को एक नाटकीय रेस्क्यू मिशन में बचा लिया गया और उन्हें गंभीर हालत में क़ुवैत के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
एक और डेमोक्रेट सांसद एमि बेरा ने लिखा, मेरे रिपब्लिकन सहयोगी भी यह बात जानते हैं। अब समय आ गया है कि वे कुछ साहस दिखाएँ और इस असंवैधानिक युद्ध को छेड़ने की उनकी क्षमता पर लगाम लगाने के लिए हमारा साथ दें। मैसाचुसेट्स से डेमोक्रेट सांसद जिम मैकगवर्न ने इसे मानसिक विक्षिप्तता बताया।
उन्होंने लिखा, अमेरिका के राष्ट्रपति को मदद लेने की ज़रूरत है। उनका व्यवहार पूरी तरह नियंत्रण से बाहर और बेहद ख़तरनाक है।















