कांधला। कस्बे के मोहल्ला खेल खालापार में एक मामूली कहासुनी ने हिंसक झड़प का रूप ले लिया। इस घटना में पिता और पुत्र सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए घायलों को जिला अस्पताल शामली के लिए रेफर कर दिया गया।
मोहल्ला खैल निवासी जुनैद ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि कुछ लोग उसके ताऊ से गाली-गलौज कर रहे थे। जब वह बीच-बचाव करने बाहर आया, तो आरोपियों ने मकान की छत से ईंटें फेंकनी शुरू कर दीं। एक ईंट जुनैद के सिर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया, वहीं दूसरी ईंट उसके पिता नसीम के सीने में लगी। घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायलों ने मेडिकल परीक्षण के बाद पथराव और मारपीट करने वाले कई लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। फिलहाल पुलिस मौके पर तैनात है और स्थिति नियंत्रण में है।















