शामली। छात्रवृत्ति योजना में जिले के छात्र-छात्राओं को राहत मिली है। तकनीकी कारणों से वंचित छात्रों को दोबारा मौका मिलेगा जिसके लिए जल्द पोर्टल खुलेगा। प्रदेश के राज्यमंत्री असीम अरुण के निर्देश पर सभी पात्रों का लाभ मिलेगा।
शैक्षिक सत्र 25-26 के अंतर्गत छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना से किसी भी कारणवश वंचित रह गए छात्र-छात्राओं के लिए राहत भरी खबर है। समाज कल्याण विभाग ने जल्द ही पोर्टल को दोबारा खोला जाएगा, जिससे छूटे हुए पात्र छात्र-छात्राओं को योजना का लाभ मिल सके। समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण के निर्देशानुसार यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने आश्वस्त किया, किसी भी योग्य छात्र को केवल तकनीकी या अन्य कारणों से छात्रवृत्ति से वंचित नहीं रहना पड़ेगा। दोबारा पोर्टल खोलकर सभी पात्र छात्रों को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से छात्रवृत्ति की धनराशि सीधे उनके खातों में उपलब्ध कराई जाए, जिससे उनकी पढ़ाई जारी रह सके।तकनीकी समस्या होगी दूर, प्रक्रिया होगी पूरी। समाज कल्याण विभाग द्वारा अवगत कराया गया है कि तकनीकी कारणों से नैशनल इंफॉर्मेटिक सेंटर (एनआईसी) द्वारा मास्टर फीस प्रोसेस नहीं हो सकी थी। इसके चलते कई छात्र-छात्राओं की छात्रवृत्ति प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई। विभाग ने बताया कि इस समस्या का समाधान किया जा रहा है और जल्द ही पोर्टल दोबारा खोलकर छात्रवृत्ति खाते में दी जाएगी। जिला समाज कल्याण अधिकारी रीतू रस्तोगी ने बताया कि पिछले वर्ष 42 छात्रों को दोबारा खुले पोर्टल का लाभ मिला था। वित्तीय वर्ष 2024-25 में छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजनाओं के तहत विभाग द्वारा पोर्टल खोला गया था। इसके माध्यम से 42 छात्रों को कुल 5.414 लाख रुपये की धनराशि प्रदान की गई थी। इन योजनाओं के अंतर्गत अनुसूचित जाति के 37 छात्रों को 3.994 लाख रुपये, सामान्य वर्ग के 5 छात्रों को 1.42 लाख रुपये की सहायता प्रदान की गई है।















