शामली। शहर के झिंझाना रोड स्थित वरदान हास्पिटल मंे बुधवार को भी जमकर हंगामा हुआ। पूर्व में भर्ती करायी गयी महिला के परिजनों ने चिकित्सकों पर उपचार में लापरवाही बरतने के चलते महिला की हालत गंभीर होने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा काटा। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामला शांत किया। महिला की सास ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जनपद मुजफ्फरनगर के खतौली क्षेत्र के गांव मोरकुक्का निवासी प्रीति को 30 मार्च को डिलीवरी के लिए शहर के वरदान हास्पिटल में भर्ती कराया गया था जहां चिकित्सकों ने महिला की डिलीवरी करा दी थी लेकिन महिला की हालत बिगड गयी थी जिसके बाद परिजनों ने महिला को दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया था जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। बुधवार को महिला के परिजनों ने वरदान हास्पिटल पहुंचकर चिकित्सकों पर महिला की डिलीवरी में घोर लापरवाही बरतने व महिला की पेशाब की थैली काटने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। हास्पिटल पर हंगामे की सूचना पर शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची तथा किसी तरह महिला के परिजनों को शांत किया। बाद में महिला की सास रेखा ने कोतवाली पहुंचकर हास्पिटल की महिला चिकित्सक सहित दो-तीन अज्ञात चिकित्सकों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच पडताल कर रही है।















