शामली। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत फील्ड ट्रेनर्स के तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ आज दिनांक 12 अक्टूबर 2026 को जिला कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में किया गया। जिलाधिकारी आलोक यादव के कुशल निर्देशन में आयोजित प्रशिक्षण सत्र का शुभारंभ अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सत्येन्द्र सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी द्वारा जनगणना के महत्व के संबंध में प्रकाश डाला गया एवं फील्ड ट्रेनर को समझाया गया की जनगणना कार्य अति महत्वपूर्ण है अतः डाटा संकलन शुद्ध स्पष्ट एवं समयबद्ध होना आवश्यक है।प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम दिवस कुल सात सत्रों का आयोजन किया गया। इन सत्रों का संचालन जिला जनगणना प्रभारी श्री शिवकुमार भारती तथा मास्टर ट्रेनर श्री सचिन विकल एवं श्री शशांक अग्रवाल, प्रवक्ताओं द्वारा किया गया। प्रथम दिवस के प्रशिक्षण में जनगणना से संबंधित विभिन्न अवधारणाओं की विस्तृत जानकारी देने के साथ ही पूछे जाने वाले कुल 40 प्रश्नों में से प्रश्न संख्या 1 से 10 तक पर विस्तारपूर्वक प्रशिक्षण दिया गया।प्रशिक्षण के आगामी दो दिनों में शेष 30 प्रश्नों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही डिजिटल जनगणना के लिए उपयोग किए जाने वाले पीई मोबाइल ऐप के संचालन एवं उपयोग के संबंध में भी फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षित किया जाएगा, ताकि जनगणना संबंधी सूचनाओं का डिजिटल माध्यम से सही एवं प्रभावी ढंग से संकलन किया जा सके। प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतिम दिवस फील्ड विजिट का आयोजन किया जाएगा। इसके अंतर्गत सभी फील्ड ट्रेनर्स को निकटवर्ती क्षेत्र में ले जाकर जनगणना कार्य का पूर्वाभ्यास कराया जाएगा, जिससे वे वास्तविक क्षेत्रीय कार्य के दौरान आने वाली परिस्थितियों को समझ सकें और जनगणना कार्य को सुचारु रूप से संपन्न करा सकें।















