शामली। जिलाधिकारी आलोक यादव ने अपने कार्यालय में जनपद में स्थापित तीनों चीनी मिल शामली, ऊन एवं थानाभवन के पेराई सत्र 2025-26 के गन्ना मूल्य भुगतान की समीक्षा एवं आगामी पेराई सत्र 2026-27 हेतु चीनी मिलों द्वारा किये जा रहे रिपेयर एवं मेन्टीनेन्स एवं तीनों चीनी मिलों के पास अवशेष चीनी स्टाक की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। आयोजित बैठक में समीक्षा करते हुए तीनों चीनी मिलों के प्रतिनिधियों द्वारा जिलाधिकारी को अवगत कराये गये पेराई सत्र 2025-26 के गन्ना मूल्य भुगतान का विवरण निम्नानुसार पाया गया है। जिसमें थानाभवन चीनी मिल द्वारा 301.60 करोड़ के सापेक्ष 230.33 करोड का भुगतान किया गया है। इसके अलावा शामली चीनी मिल द्वारा 323.19 करोड़ के सापेक्ष संपूर्ण भुगतान कर दिया गया है। इसके साथ ही चीनी मिल ऊन द्वारा भी 267.03 करोड़ के सापेक्ष संपूर्ण भुगतान कर दिया गया है। पेराई सत्र 2025-26 के भुगतान की स्थिति को देखकर जिलाधिकारी द्वारा कडा रोष प्रकट करते हुए चीनी मिल थानाभवन के उपस्थित प्रतिनिधियों को निर्देशित किया गया, कि पेराई सत्र 2025-26 के अवशेष गन्ना मूल्य का शत-प्रतिशत भुगतान तत्काल सुनिश्चित करें, अन्यथा की स्थिति में चीनी मिलों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्यवाही अमल में लायी जायेगी। आगामी पेराई सत्र 2026-27 की तैयारियों की समीक्षा में पाया गया है कि चीनी मिल थानाभवन द्वारा लगभग 76.25 प्रतिशत, चीनी मिल शामली द्वारा लगभग 85.00 प्रतिशत एवं चीनी मिल ऊन द्वारा लगभग 78.00 प्रतिशत चीनी कारखाने का रिपेयर एवं मेन्टीनेन्स का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। बैठक में तीनों चीनी मिलों का संचालन समय से कराने के निर्देश दिए।उक्त बैठक में आर.एस. कुशवाहा, जिला गन्ना अधिकारी, शामली, खाण्डसारी अधिकारी शामली एवं चीनी मिल शामली से संजय शर्मा, वाईस प्रेसिडेन्ट चीनी मिल ऊन से डा. कुलदीप पिलानिया, वाईस प्रेसिडेन्ट तथा चीनी मिल थानाभवन से जी.वी. सिंह, यूनिट हेड एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहें।















