शामली। शहर के सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज में कक्षा 12 के छात्रों के अभिभावकों व शिक्षकों की गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में ऋतु के अनुसार छात्र की दिनचर्या, वेशभूषा, खानपान एवं स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने का आहवान किया गया।
शहर के सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज में आयोजित अभिभावक-शिक्षक गोष्ठी को संबोधित करते हुए अंग्रेजी प्रवक्ता पुष्पेन्द्र कुमार ने कहा कि छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए अभिभावक, छात्र तथा शिक्षक मुख्य भूमिका मे रहते है। यदि ये तीनों मिलकर सामूहिक रूप से कार्ययोजना बनाकर कार्य करे तो छात्रों में अपेक्षित परिवर्तन दृष्टिगत होगा, हमें छात्र की दिनचर्या, ऋतु के अनुसार वेशभूषा, खान-पान तथा स्वाध्याय पर विशेष ध्यान रखना है तभी छात्र अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करंेगे। हम सभी अभिभावकों को मुख्य रूप से छात्रों का सम्यक ध्यान रखते हुए उनकी समस्याओं को निराकरण करना चाहिए। छात्र तनाव मुक्त रहकर स्वस्थ वातावरण में अध्ययन करें। गोष्ठी में अभिभावक रविकांत, ओमवीर, हिमांशु, करूणकांत, गुडिया ने भी अपने-अपने विचार व्यक्त किए। कालेज प्रबंधक सुमीत कुमार ने कहा कि इस गोष्ठी के आयोजन का उद्देश्य छात्रों की शैक्षणिक और समग्र प्रगति पर चर्चा, विद्यालय में छात्रों की उपस्थिति और गृह कार्य जैसे बुनियादी पहलुओं पर ध्यान देना और छात्रों के भविष्य के विकास के लिए अभिभावकों और शिक्षकों के मध्य सहयोग स्थापित करना है। गोष्ठी का संचालन संजू कुमार ने किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य आनंद प्रसाद शर्मा, उप प्रधानाचार्य मलूकचंद, अंकुर, ब्रजपाल सिंह, ललित, नीटू कुमार, सोमदत्त आर्य, मधुबन, परितोष, सुखदेव आदि भी मौजूद रहे।















