मुंबई। अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर मुंबई में हुई फायरिंग के मामले में हथियारों की सप्लाई का तार अमृतसर से जुड़ा है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की जांच के मुताबिक, हरियाणा के सोनीपत निवासी कुणाल और सुमित ने अमृतसर से एक पिस्टल और 20 कारतूस जुटाए थे।
इसके बाद उत्तर प्रदेश की रहने वाली राधा और बबीता को हथियार मुंबई पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई। पुलिस ने हथियारों की सप्लाई के आरोप में चारों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, हथियारों की सप्लाई का यह नेटवर्क लॉरेंस गैंग के सदस्य अनिल पंडित के निर्देश पर काम कर रहा था। जांच के दौरान सामने आया है कि आरोपी कुणाल (21) और सुमित (19) ने अमृतसर से हथियार लिए थे।
इसके बाद इन दोनों ने यह हथियार राधा (23) और बबीता (23) को दे दिए। जोकि अमृतसर से ही ट्रेन में बैठ कर मुबंई के लिए रवाना हो गईं। जांच के मुताबिक, 15 अक्टूबर को कुणाल ने राधा और बबीता को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर छोड़ा था। दोनों ट्रेन से मुंबई रवाना हुईं। पिस्टल राधा के बैग में छिपाई गई थी।
17 अक्टूबर को दोनों मुंबई के दादर रेलवे स्टेशन पहुंचीं और एक होटल में ठहरीं। इसी दिन एक नाबालिग लड़का होटल के पास राधा से बैग लेने पहुंचा था। पुलिस इस मुलाकात और हथियार आगे पहुंचाने में उसकी भूमिका की जांच कर रही है।















