शामली। शहर के भैंसवाल रोड स्थित नगर पालिका के कूडा प्लांट में लगी आग पर अभी पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है। शनिवार की देर रात कूडे में एक बार फिर आग धधक उठी जिस कारण आसपास रहने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पडा। रविवार को लोगों ने जमकर हंगामा किया तथा आग पर काबू पाने की मांग की।
शहर के भैंसवाल रोड स्थित नगर पालिका के कूडा प्लांट में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गयी थी जिसके बाद मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड की तीन गाडियों ने उस समय तो आग पर किसी तरह काबू पा लिया था लेकिन इसके बावजूद भी आग पूरी तरह नहीं बुझ सकी। देर रात आग एक बार फिर धधक उठी, देखते ही देखते आग की काफी ऊंची लपटें भी उठने लगी जिससे आसपास रहने वाले लोगों में दहशत फैल गयी। निकट ही स्थित कालोनी के लोगों का कहना है कि आग के कारण उसकी बदबू घर तक पहुंच रही है जिससे उनका जीना मुहाल हो गया है। वहीं धुएं के कारण महिलाओं, बच्चों व बुजुर्गों को परेशानियों का सामना करना पड रहा है। रविवार को कालोनी में रहने वाले लोगों ने जमकर प्रदर्शन किया तथा कूडे में लगी आग पर जल्द काबू पाने की मांग की। इस दौरान अर्जुन सिंह, सुधीर गर्ग, योगेंद्र पंवार, विजय कुमार, अजेंद्र, रणवीर सहित अन्य कालोनीवासी भी मौजूद रहे।















