थानाभवन। थाना थानाभवन क्षेत्र में वर्षों से लावारिस हालत में पड़ा ओपन जिम का सामान अब पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ है। लंबे समय बीत जाने के बावजूद इस सामान का अब तक कोई वारिस सामने नहीं आया है, जिसके चलते पुलिस ने इसे लेकर सार्वजनिक सूचना जारी की है।
पुलिस द्वारा जारी सूचना के अनुसार, दिनांक 04 अगस्त 2020 से ओपन जिम का यह सामान लावारिस संपत्ति के रूप में थाना परिसर में रखा हुआ है। हैरानी की बात यह है कि इतने वर्षों के दौरान किसी भी व्यक्ति ने इस पर अपना स्वामित्व दावा नहीं किया। परिणामस्वरूप जिम का यह सामान थाने में यूं ही पड़ा-पड़ा धूल फांक रहा है। सूचना में आमजन से अपील की गई है कि यदि यह सामान किसी व्यक्ति का है, तो वह सूचना प्रकाशित होने के 7 दिनों के भीतर थाना थानाभवन से संपर्क कर अपने स्वामित्व के प्रमाण प्रस्तुत करें। इसके लिए संबंधित मोबाइल नंबर भी जारी किए गए हैं, ताकि असली मालिक तक सामान पहुंचाया जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उनका प्रयास है कि यह सामान उसके वास्तविक वारिस को सौंपा जाए लेकिन यदि तय समयावधि में कोई भी दावेदार सामने नहीं आता है, तो नियमानुसार इस ओपन जिम के सामान की नीलामी की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि सार्वजनिक उपयोग के लिए बना यह जिम वर्षों से बेकार पड़ा हुआ है, जिससे जहां सरकारी संसाधनों की बर्बादी हो रही है, वहीं क्षेत्र के लोग भी इसके लाभ से वंचित हैं। अब देखना होगा कि पुलिस की इस पहल के बाद कोई दावेदार सामने आता है या फिर यह सामान नीलामी की प्रक्रिया में चला जाता है।















