शामली। गुरुवार की रात शहर के बुढाना रोड स्थित मिल गेट के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक की मौके पर ही दुखद मौत हो गयी। घटना के बाद आरोपित वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को अपने कब्जे में ले लिया। घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के गांव बुटराडी निवासी अंकित गुरुवार को किसी काम से बाइक पर सवार होकर शामली आया था। देर रात वह अपने गांव वापस लौट रहा था। जब अंकित मेरठ-करनाल हाइवे स्थित शुगर मिल गेट के निकट पहुंचा तभी तेज रफ्तार एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी जिससे अंकित बाइक से उछलकर काफी दूर जा गिरा और सडक पर गिरने से उसकी मौके पर ही दुखद मौत हो गयी। घटना के बाद आरोपित वाहन चालक मौके से फरार हो गया। आसपास से गुजर रहे लोगों ने कोतवाली पुलिस को मामले की सूचना दी जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर मृतक के परिजनों को मामले की जानकारी दी जिससे परिजनों में भी कोहराम मच गया और वे मौके पर पहुंच गए। बाद मंे पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मामले की जांच में जुट गयी है।















