शामली। मां शाकंभरी विश्वविद्यालय सहारनपुर से संबद्ध आरके कॉलेज के भौतिकी विभाग के एमएससी के छात्र आशुतोष शर्मा का शोध पत्र अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रकाशित हुआ है। यह विश्वविद्यालय में परास्नातक कक्षाओं का दूसरा अंतरराष्ट्रीय शोध पत्र है। प्रोफेसर डॉ. संजीव कुमार के निर्देशन में आशुतोष शर्मा ने अपना शोध पत्र विश्व प्रसिद्ध प्रकाशक स्प्रिंगर नेचर के जर्नल ऑफ मॉलिक्यूलर मॉडलिंग में प्रकाशित कराया है। इस जर्नल का इंपेक्ट फैक्टर 2.5 है। यह उपलब्धि विश्वविद्यालय और इसके संबद्ध महाविद्यालयों के लिए गर्व का विषय है। अप्रैल 2026 में प्रकाशित यह शोध पत्र अनुभव आधारित अधिगम के महत्व को दर्शाता है और नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के मूल उद्देश्य की सफलता को सिद्ध करता है। छात्र आशुतोष ने बताया कि इस शोध पत्र में पाइथन मॉडलिंग के माध्यम से नैनोटेक्नोलॉजी का विश्लेषण किया गया है। इसके जरिए ग्रेफीन और कार्बन नैनो ट्यूब्स जैसे अद्भुत पदार्थों का 3डी विज़ुअलाइज़ेशन संभव हुआ है। यह शोध पत्र स्नातक और परास्नातक भौतिकी एवं रसायन विज्ञान के छात्रों के लिए पाइथन मॉडलिंग सीखने में अत्यंत उपयोगी साबित होगा। आरके कॉलेज शामली ने शोध और नवाचार की दिशा में यह दूसरी बार ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की है। विश्वविद्यालय के अधिकारी और शिक्षक छात्रों की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त कर रहे हैं। कॉलेज प्राचार्य एमके जल्ली ने भी छात्र और शिक्षक को बधाई देते हुए इसी तरह आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।















