शामली। शहर में रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कांवड़ पुल के पास एक कार अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार सवार दो सगे भाई बाल-बाल बच गए, जबकि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद पुल पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार आकाश अपने भाई कार्तिक के साथ अंबाला से अपने गांव छूर लौट रहे थे। सुबह जब वे शामली से निकलकर काबडौत पुल पर पहुंचे, तभी अचानक उनकी कार अनियंत्रित हो गई और पलट गई। तेज आवाज के साथ हुए हादसे से आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत कोतवाली पुलिस को सूचना दी और दोनों भाइयों को कार से बाहर निकाला। गनीमत रही कि दोनों को गंभीर चोट नहीं आई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए वाहन को सीधा कराया और यातायात सुचारु कराया। पुलिस ने घायलों से पूछताछ कर उन्हें प्राथमिक उपचार दिलाया, जिसके बाद दोनों को उनके घर के लिए रवाना कर दिया गया।














