कांधला। विकास खंड के गाँव गढ़ी दौलतकी हिंदू नटो बस्ती में भीषण जलभराव ने एक मासूम की जान ले ली। तीन फीट तक पानी भरे घरों और गलियों के बीच शनिवार को संजय के 4 महीने के बच्चे की संक्रामक बीमारी से मौत हो गई। पीड़ित परिवार को शव लेकर जलभराव वाले रास्ते से पैदल ही शमशान घाट तक जाना पड़ा। इस हृदयविदारक दृश्य का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि 2 साल से ज्यादा समय से पानी निकासी का रास्ता बंद है। ग्राम प्रधान और उनके पति के प्रभाव के कारण रास्ता नहीं खुल पा रहा है। कई बार तहसील दिवस और अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद सिर्फ औपचारिक जांच हुई, कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लगातार पानी में रहने से बीमारियां फैल रही थीं, जिसका शिकार यह नन्हा बच्चा बना। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि परिवार के लोग घुटनों तक पानी में चलते हुए शव लेकर जा रहे हैं। इस घटना के बाद बस्ती के 50 से अधिक परिवारों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने कहा, “ग्राम प्रधान की हठधर्मिता के कारण योगी सरकार का सिस्टम भी फेल हो गया है। अब मकान बेचकर कहीं और बसने के अलावा कोई चारा नहीं बचा। रविवार को चंद्रपाल, धर्मपाल, राजकुमार, संजय, सोनू, करण, पप्पू, सोहनवीर समेत दर्जनों ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर न्याय की मांग की।















