शामली। जनपद शामली में श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने के उद्देश्य से आज जिलाधिकारी शामली श्री आलोक यादव एवं पुलिस अधीक्षक शामली श्री एन.पी. सिंह द्वारा थाना बाबरी क्षेत्रान्तर्गत कांवड़ मार्गों एवं संबंधित व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया गया। अधिकारियों द्वारा मौके पर पहुंचकर श्रद्धालु कांवड़ियों की सुरक्षा, सुगम आवागमन एवं उनके लिए उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया गया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा कांवड़ मार्ग, कांवड़ शिविरों, विश्राम स्थलों, पेयजल व्यवस्था, चिकित्सा सहायता केन्द्रों, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन एवं डायवर्जन व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को मौके पर परखा गया। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त कर जहां आवश्यक हुआ, वहां तत्काल सुधार एवं आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।इस दौरान शिवभक्त कांवड़ियों से संवाद स्थापित कर उनकी कुशलक्षेम जानी गई तथा यात्रा के दौरान पुलिस एवं प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में उनका फीडबैक लिया गया। श्रद्धालुओं द्वारा जनपद में की गई सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया गया। पुलिस अधीक्षक शामली श्री एन.पी. सिंह द्वारा ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूर्ण सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिकारियों द्वारा कांवड़ मार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, भीड़ प्रबंधन, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी, सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन के माध्यम से सतत मॉनिटरिंग तथा सोशल मीडिया पर सतर्क दृष्टि बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही किसी भी सूचना अथवा आकस्मिक स्थिति पर संबंधित टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया।अधिकारियों ने संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने दी जाए तथा प्रत्येक कांवड़ यात्री को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
जनपद शामली पुलिस एवं प्रशासन द्वारा श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान सुरक्षा, सेवा, यातायात एवं जनसुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी एवं समीक्षा की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित, सुगम एवं मंगलमय रहें। निरीक्षण के समय सभी संबंधी अधिकारी मौजूद रहें।















