शामली। जिला पूर्ति अधिकारी अंकुर यादव ने आमजन से अपील की कि है वे तीन महीने के अंदर पीएनजी गैस कनेक्शन ले लें, समय सीमा समाप्त होने के बाद घरों को सप्लाई होने वाली एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई बंद कर दी जाएगी।
जिला पूर्ति अधिकारी अंकुर यादव ने पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय भारत सरकार द्वारा जारी आदेशों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि जनपद शामली के जिन इलाकों में अधिकृत संस्था आईजीएल ने पहले ही पाइपलाइन का इंफ्रास्ट्रक्चर बिछा दिया है या वह अलग-अलग घरों या किसी हाउसिंग एरिया में एक कॉमन पते पर नेचुरल गैस सप्लाई करने की स्थिति में है, ऐसे सभी घरों को घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शन लेना ज़रूरी है इसलिए ऐसे इलाकों में आने वाले सभी घरों को यह निर्देश दिया जाता है कि वे इस नोटिस के जारी होने की तारीख से 3 महीने के अंदर अधिकृत संस्था से घरेलू पीएनजी कनेक्शन के लिए अप्लाई करें और उसे ले लें। उन्होंने बताया कि ऑथराइज्ड एंटिटी डोमेस्टिक पाइप्ड नेचुरल गैस कंज्यूमर बनने के लिए घर का कानूनी मालिक या उस जगह का मालिक अप्लाई कर सकता है। तीन महीने बाद ऐसे घरों में एलपीजी सिलेंडरों की सप्लाई गाइडलाइन और नियमों के अनुसार बंद कर दी जाएगी।















