शामली। विकास कार्यों की बैठक में सीएम डैशबोर्ड के बिन्दु पर कई विभागों की प्रगति संतोषजनक नहीं होने पर जिलाधिकारी ने समाज कल्याण अधिकारी का वेतन रोकने तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट के सभागार में सीएम डैशबोर्ड पर आधारित विकास कार्यों एवं राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का संतोषजनक निस्तारण नहीं करने वाले अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने विकास कार्यों एवं राजस्व कार्यों की विभाग वार समीक्षा करते हुए सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को सीएम डैशबोर्ड पर दर्शाये गये डाटा के अनुसार लक्ष्य के सापेक्ष अपेक्षित प्रगति के निर्देश दिये साथ ही जिन विभागों की प्रगति खराब मिली उन विभागों को कड़ी फटकार लगाते हुए जहां कमी है उसमें सुधार करते हुए प्रगति के निर्देश दिये ताकि जनपद की रैंकिंग ठीक रहे। विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान समाज कल्याण विभाग, आईसीडीएस विभाग की सीएम डैशबोर्ड के बिंदु पर संतोषजनक प्रगति न होने पर समाज कल्याण अधिकारी का वेतन रोकने के निर्देश दिए तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी को कारण बताओ नोटिस दिया गया। बैठक में जिलाधिकारी ने राजस्व कार्याे की समीक्षा करते हुए लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए।बैठक में निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए जितने भी निर्माण कार्य चल रहे हैं उन्हें क्वालिटी का विशेष ध्यान रखते हुए समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। कार्यदाई संस्था पैकफेड का कार्य सही ना होने पर उसको ब्लैक लिस्ट करने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ विनय कुमार तिवारी, अपर जिलाधिकारी सत्येन्द्र सिंह, डीएफओ जगदेव सिंह, सीएमओ डॉ अनिल कुमार, सभी एसडीएम सहित विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।














