शामली। शहर के बीएसएम स्कूल में रविवार को टैलेंटेड इंडिया ऑडिशन कार्यक्रम का भव्य एवं आकर्षक आयोजन किया गया, जिसमें शामली सहित आसपास के विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभाशाली बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी कला, प्रतिभा और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया। विद्यालय परिसर पूरे दिन रंगारंग प्रस्तुतियों, संगीत, नृत्य और उत्साह से सराबोर रहा।

कार्यक्रम की खास बात यह रही कि आगरा, दिल्ली, वृंदावन, पंजाब, हरियाणा सहित विभिन्न स्थानों से आए प्रतिभागियों ने गायन, नृत्य, अभिनय, मॉडलिंग, पेंटिंग एवं आर्ट एंड क्राफ्ट जैसी प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया। बाहर से आए बच्चों और उनके अभिभावकों ने विद्यालय द्वारा की गई व्यवस्थाओं, स्नेहपूर्ण स्वागत और प्रेरणादायक वातावरण की सराहना की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वासुदेव सिंह, प्रधानाचार्य राहुल चौधरी, मैनेजर छाया सिंह, चेयरमैन सूर्यवीर सिंह एवं उपप्रधानाचार्या आशु पंडित ने कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले बच्चों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता एवं मोटिवेशनल स्पीकर जगजीत कपूर, पद्मश्री नॉमिनी एवं समाजसेवी दिव्या कपूर तथा पंजाब से आए प्रसिद्ध कोरियोग्राफर एवं आरडीएफएस डांस डायरेक्टर रिहांश विशेष रूप से उपस्थित रहे। वासुदेव सिंह ने कहा कि शामली जैसे छोटे शहर में इस प्रकार का भव्य टैलेंट शो पहली बार आयोजित किया गया है, जो सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि टैलेंटेड इंडिया जैसे मंच छोटे शहरों के बच्चों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का अवसर प्रदान करते हैं तथा उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।















