शामली। दिल्ली रोड स्थित सिटी ग्रीन बैंक्वेट हॉल में लायंस क्लब शामली क्राउन द्वारा क्लब के रजत उत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित दो दिवसीय डांडिया रास-2026 का उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक उल्लास के बीच भव्य समापन हुआ।
कार्यक्रम के दूसरे दिन भी प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा और आकर्षक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों के उत्साह और प्रदर्शन को देखते हुए विजेताओं का चयन किया गया। बंगाली परिधान श्रेणी में विशु एवं शिवानी तथा राजस्थानी परिधान श्रेणी में बालेश नामदेव को विजेता घोषित किया गया। सर्वश्रेष्ठ युगल नृत्य का पुरस्कार शिवम एवं प्रियंका जैन को प्रदान किया गया। वहीं, मां-बेटी नृत्य प्रतियोगिता में सपना मित्तल एवं वेदनशी मित्तल ने बाजी मारते हुए पुरस्कार प्राप्त किया। विजेताओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम के दौरान आयोजित लकी ड्रॉ भी प्रतिभागियों के आकर्षण का केंद्र रहे। प्रत्येक आधे घंटे में लकी ड्रॉ निकालकर विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए गए। डांडिया मंच का संचालन संजय सिंघल ने किया। इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष लायन अंकुर गोयल रुपेश गर्ग, विजय, गौरव मित्तल सहित बडी संख्या में क्लब पदाधिकारी भी मौजूद रहे।















