शामली। जनपद शामली पुलिस द्वारा एक और महत्वपूर्ण पहल करते हुए पुलिस अधीक्षक शामली एनपी. सिंह द्वारा थाना कैराना में डिजिटल मालखाना का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर एसपी ने कहा कि डिजिटल मालखाना व्यवस्था से थाना स्तर पर बरामद माल की सुरक्षित, पारदर्शी एवं व्यवस्थित देखरेख सुनिश्चित होगी।
गुरुवार को कैराना थाने पर मालखाना के शुभारंभ पर एसपी एनपी सिंह ने कहा कि अब मालखाने में रखे गए समस्त सामान का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा, जिससे उसकी ट्रैकिंग, निगरानी एवं समय-समय पर सत्यापन की प्रक्रिया अधिक सुगम एवं प्रभावी हो सकेगी। उन्होंने कहा कि इस आधुनिक प्रणाली के लागू होने से न केवल कार्यप्रणाली में पारदर्शिता आएगी, बल्कि अनावश्यक मानवीय त्रुटियों में भी कमी आएगी। साथ ही न्यायालयीन प्रक्रियाओं में आवश्यक अभिलेखों की उपलब्धता भी त्वरित रूप से सुनिश्चित की जा सकेगी। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों को डिजिटल मालखाना प्रणाली के संचालन, रखरखाव एवं उपयोग के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस अवसर पर एएसपी सुमित शुक्ला, सीओ कैराना सहित अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे।















