शामली। गांव निवासी विजय कुमार को 41वीं जूनियर नेशनल एथलेटिक्स चैम्पियनशिप 2026 के लिए उत्तर प्रदेश की जूनियर एथलेटिक्स टीम का कोच नियुक्त किया गया है। उत्तर प्रदेश एथलेटिक्स एसोसिएशन की ओर से उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
उत्तर प्रदेश एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव नरेंद्र कुमार की ओर से 19 अक्टूबर 2026 को जारी नियुक्ति पत्र के अनुसार, राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन 23 से 27 अक्टूबर 2026 तक चेन्नई, तमिलनाडु में किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में देशभर के प्रतिभाशाली जूनियर एथलीट अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। एसोसिएशन ने विजय कुमार के एथलेटिक्स के क्षेत्र में निरंतर प्रयास, समर्पण और उत्कृष्ट कोचिंग क्षमता को ध्यान में रखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है। उनसे उम्मीद जताई गई है कि उनके मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश की टीम राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करेगी और प्रदेश का नाम रोशन करेगी।विजय कुमार की इस उपलब्धि को शामली जनपद और गांव लीलौन के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश की टीम का मार्गदर्शन करने की जिम्मेदारी मिलना उनके खेल अनुभव और कोचिंग क्षमता के प्रति विश्वास को दर्शाता है। उनकी नियुक्ति से क्षेत्र के खेल प्रेमियों और युवा खिलाड़ियों में भी उत्साह है।















