शामली। बॉलीवुड फिल्म आशिकी के अभिनेता राहुल रॉय ने मंगलवार को बीपीएन जूनियर हाई स्कूल, कांधला का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्कूल के बच्चों के साथ गुणवत्तापूर्ण समय बिताया और उनके साथ बातचीत की। बच्चों ने उन्हें अपने द्वारा बनाए गए हस्तनिर्मित कार्ड भेंट किए और पुष्पों से उनका स्वागत किया।
अभिनेता राहुल रॉय शामली जिले के एक दिवसीय दौरे पर थे। उन्होने छात्रों की विभिन्न प्रतिभाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह देखकर बहुत खुशी हुई कि छोटे कस्बों में भी बच्चों में ऐसी कड़ी मेहनत और हुनर है। स्कूल की संचालन समिति की अध्यक्षा अलका चौहान, डॉ. जनेश्वर चौहान, और प्रबंधक श्वेता चौहान ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। प्रधानाचार्या शमा प्रवीण ने राहुल रॉय को विद्यालय परिसर का भ्रमण कराया और उन्हें स्कूल की सुविधाओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि बीपीएन जूनियर हाई स्कूल जो एक छोटे कस्बे में स्थित है, अपने छात्रों को अत्याधुनिक सुविधाएं प्रदान करता है। इस अवसर पर कुशांक चौहान, पराग जैन, अजय जैन, अमन मिर्जा, विपिन चौहान, अजय चौहान, गोपाल चौहान, राहुल चौहान, आजम चौहान, विनोद कश्यप, विकास सैनी, विशाल सैनी मौजूद रहे।















