शामली। यातायात पुलिस द्वारा गुरुवार को शहर में यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस ने वाहन चलाते समय हेलमेट व सीट बैल्ट लगाने के लिए लोगों को प्रेरित किया वहीं चेतावनी भी दी कि हेलमेट न लगाने वालों को पेट्रोल नहीं मिलेगा।
एसपी के निर्देश पर शामली जनपद में नो हेलमेट नो फ्यूल अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत गुरुवार को भी यातायात प्रभारी निधि चौधरी के नेतृत्व में शहर में कई जगह चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस टीम ने बनत चौराहा, कैराना बस अड्डा, विजय चौक, फव्वारा चौक, धीमानपुरा फाटक, शिव चौक, अंजता चौक, रोडवेज बस अड्डा सहित अन्य मुख्य चौराहों पर विशेष सड़क सुरक्षा जन-जागरूकता अभियान चलाकर दोपहिया वाहन चालकों, पेट्रोल पंप संचालकों, वाहन स्वामियों व आम लोगों को हेलमेट के अनिवार्य प्रयोग, यातायात नियमों का कडाई से पालन तथा सडक सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। यातायात प्रभारी निधि चौधरी ने कहा कि हेलमेट न लगाना दुर्घटनाओं में होने वाली मौत एवं गंभीर चोट का प्रमुख कारण है इसलिए वाहन चलाते समय हेलमेट व सीट बैल्ट जरूर लगाएं। उन्होंने चेतावनी भी दी कि हेलमेट न लगाने वालों को पेट्रोल भी नहीं दिया जाएगा।















