नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में भाजपा ने अपने चुनावी अभियान का शंखनाद कर दिया है। जमीन पर राजनीतिक पकड़ मजबूत करने के लिए कई बड़े नेता नजर आएंगे और इसकी शुरूआत भी हो चुकी है। बरेली में मंगलवार को पार्टी के पूर्व अध्यक्ष, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने सीधे कांग्रेस के हर आरोप का न सिर्फ जवाब दिया, लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ का नारा देते हुए बताया कैसे कांग्रेस के कार्यकाल में कामकाज किए गए।
भाजपा नेता बता रहे हैं कि कांग्रेस के शासनकाल में 10 बार एसआईआर हुआ लेकिन विरोध नहीं किया। वोट कटने पर भाजपा का तर्क है कि 13 करोड़ वोट कटे नहीं हैं, ये दूसरी जगह चले गए, मृत मतदाता हैं या इनके नाम दो जगह लिखे थे। चुनाव आयोग के कांग्रेसी नेताओं के हमलों पर भी भाजपा इमरजेंसी, लोकतांत्रिक संस्थाओं के अपमान का जिक्र कर जोरदार तरीके से कह रही है कि कांग्रेस जनता को गुमराह कर रही है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार इसके साथ ही भाजपा के दिग्गज नेता व गृह मंत्री अमित शाह भी रैली करेंगे और पहले चरण में वह बैठकें कर चुनावी मोर्चाबंदी मजबूत करेंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एंट्री होगी और सूचना के अनुसार प्रधानमंत्री सभी 18 मंडलों में रैली कर मोर्चा संभालेंगे। पहले चरण में पार्टी के नेता यूथ सम्मेलन भी करेंगे और ऐसे कार्यकर्ताओं को भी मनाया जाएगा जो पुराने कार्यकर्ता हैं और किसी वजह से नाराज होकर दूर हैं।















