दिल्ली मेट्रो ने स्थानीय पहचान और बुनियादी ढांचे को बढ़ावा देने के लिए द्वारका मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर 'द्वारका ककरोला मेट्रो स्टेशन' कर दिया है। स्थानीय निवासियों और सामाजिक संगठनों ने इस निर्णय का समर्थन किया है, जिसे क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को मजबूती देने वाला कदम माना जा रहा है।
मटियाला विधानसभा क्षेत्र के निवासियों ने मुख्यमंत्री के निवास पर जाकर उन्हें धन्यवाद दिया। विधायक संदीप सहरावत के नेतृत्व में लोगों ने मुख्यमंत्री को अभिनंदन पगड़ी भेंट की। मुख्यमंत्री ने कहा कि द्वारका मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर 'द्वारका ककरोला' करने की दशकों पुरानी मांग पूरी होने पर लोगों को खुशी हुई है। यह कदम स्थानीय पहचान और विरासत को सम्मान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
विधायक संदीप सहरावत ने कहा कि मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के लोगों की भावनाओं को महत्व दिया है, जो सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है। निगम पार्षद रामनिवास गहलोत, अनुराधा अशोक शर्मा, सविता शर्मा सहित कई लोग इस कार्यक्रम में शामिल हुए।
द्वारका लोक कल्याण मंच ने इस निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि यह स्थानीय संस्कृति और ऐतिहासिक पहचान को बचाने की दिशा में एक सकारात्मक कदम है। मंच के अध्यक्ष डीपी वाजपेयी ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और क्षेत्रीय सांसद कमलजीत सहरावत को धन्यवाद दिया।
डीपी वाजपेयी ने बताया कि ककरोला इस क्षेत्र का एक ऐतिहासिक हिस्सा रहा है और मेट्रो स्टेशन के नाम में इसका समावेश इस ऐतिहासिक पहचान को नई पहचान देता है। स्थानीय लोगों का मानना है कि ऐसे निर्णयों से आधुनिक विकास के साथ-साथ दिल्ली के ग्रामीण और ऐतिहासिक क्षेत्रों का अस्तित्व भी सुरक्षित रहता है।
मंच ने उम्मीद जताई कि सरकार क्षेत्र की अन्य समस्याओं और विकासात्मक योजनाओं पर भी इसी तरह सकारात्मक रुख अपनाएगी।








-1780431064786.webp)





