थानाभवन। कस्बे के मेला ग्राउंड क्षेत्र में नगर पंचायत की पाइप लाइन में रिसाव के कारण एक मकान में पानी घुस जाने से स्थिति गंभीर हो गयी है। मकान में लगातार हो रहे पानी के रिसाव के कारण घर के फर्श की मिट्टी धंस गयी है जिस कारण फर्श भी क्षतिग्रस्त हो गया है वहीं मकान के गिरने की आशंका भी बन गयी है। पीडित मकान मालिक का आरोप है कि शिकायत करने के बावजूद भी नगर पंचायत कोई कार्रवाई नहीं कर रही है जिससे परिवार दहशत में है।
जानकारी के अनुसार कस्बे के मेला ग्राउंड निवासी अजय कुमार के मकान में पिछले कई दिनों से पानी भरने की समस्या बनी हुई है। पानी मकान की नींव भी भर रहा है जिस कारण नींव कमजोर हो रही है। अजय कुमार ने बताया कि उन्होंने पहले घर की सभी पाइपलाइन की जांच के लिए प्लंबर को बुलाया, लेकिन घर के अंदर कहीं भी लीकेज नहीं मिला। इसके बावजूद लगातार पानी का रिसाव बढ़ता गया और अचानक घर के विभिन्न हिस्सों में मिट्टी धंसने लगी तथा फर्श भी कई जगह से क्षतिग्रस्त हो गया। मकान में कई स्थानों पर खुदाई कराई गई जिसके बाद पता चला कि घर के बाहर से गुजर रही नगर पंचायत की पानी की पाइपलाइन से रिसाव हो रहा है, जो सीधे मकान की नींव में प्रवेश कर रहा है। इस कारण मकान को भारी नुकसान पहुंच चुका है और आगे भी खतरा बना हुआ है।मकान मालिक का कहना है कि यदि जल्द ही पाइपलाइन की लीकेज को ठीक नहीं किया गया तो मकान को बड़ा नुकसान हो सकता है। उन्होंने नगर पंचायत से कई बार शिकायत कर पाइपलाइन ठीक कराने की मांग की, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
वहीं, लगातार हो रहे रिसाव के कारण घर के अंदर मिट्टी धंसने का सिलसिला जारी है, जिससे परिवार की चिंता बढ़ गई है। यह मामला अब मोहल्ले में चर्चा का विषय बना हुआ है और स्थानीय लोग भी नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं।















