शामली। पुलिस वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में पुलिस लाइन में होम्योपैथिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य पुलिस विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना तथा उन्हें बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था। शिविर में उपस्थित होम्योपैथिक चिकित्सकों द्वारा पुलिस कर्मियों एवं उनके परिवारजनों का विस्तृत मेडिकल परीक्षण किया गया। इस दौरान विभिन्न सामान्य एवं दीर्घकालिक बीमारियों से संबंधित जांच की गई तथा रोगियों को उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार उचित होम्योपैथिक उपचार एवं परामर्श प्रदान किया गया। चिकित्सकों ने उपस्थित लोगों को संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या, तनाव प्रबंधन एवं रोगों से बचाव के उपायों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी। शिविर में बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों एवं उनके परिजनों ने भाग लेकर इस पहल का लाभ उठाया।
पुलिस वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर समय-समय पर आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि पुलिस परिवार को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सके।















