नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की ओर से हिंसा प्रभावित महिलाओं की मदद के उद्देश्य से बनाए गए 'वन स्टॉप सेंटर' (ओएससी) से जुड़ी समस्याओं को उठाते हुए रविवार को दावा किया कि "मोदी सरकार किसी की नहीं सुन रही है।" गांधी ने कहा कि सुरक्षा केवल एक योजना नहीं, बल्कि सरकार की बुनियादी जिम्मेदारी है।
उन्होंने अपने 'व्हाट्सऐप चैनल' पर एक पोस्ट में कहा, "महिलाएं मदद के लिए दरवाजा खटखटा रही हैं और सरकार ने दरवाजे बंद कर रखे हैं। मैंने संसद में पूछा: जब कोई महिला हिंसा से भागकर वन स्टॉप सेंटर पहुंचती है तो उसे मदद क्यों नहीं मिलती, ताला क्यों मिलता है? स्टाफ की कमी क्यों है? देश भर की शिकायतें अनसुनी क्यों हैं?''
उन्होंने कहा, ''सरकार का जवाब क्या था? सब 'संतोषजनक' है। अगर सब 'संतोषजनक' है, तो ओएससी को लेकर इतनी समस्याओं की खबरें क्यों सामने आ रही हैं?'' राहुल ने सवाल किया, ''अगर सुरक्षा प्राथमिकता है, तो हर पांच में से तीन महिलाओं तक मदद अभी भी क्यों नहीं पहुंच पा रही है? और महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के हर 100 रुपये में से सिर्फ 60 पैसे ही ओएससी पर क्यों खर्च हो रहे हैं?''















