शामली। दिल्ली रोड स्थित एक हास्पिटल में प्रसव पीडा के बाद भर्ती करायी गयी महिला के आपरेशन के दौरान घोर लापरवाही बरते जाने का मामला प्रकाश में आया है। चिकित्सकों द्वारा किए गए आपरेशन के बाद संक्रमण फैल जाने से महिला की मेरठ में उपचार के दौरान मौत हो गयी। महिला की मौत से परिजनों में आक्रोश फैल गया। परिजन शव को लेकर शहर कोतवाली पहुंचे तथा चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया वहीं जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। परिजनों ने चेतावनी दी कि जब तक मामले में कार्रवाई नहीं होगी, वे शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।
थानाभवन क्षेत्र के गांव उस्मानपुर निवासी छत्रपाल ने अपनी पत्नी रितिका को 20 मई को प्रसव पीडा के बाद शामली के दिल्ली रोड स्थित एक हास्पिटल में भर्ती कराया था। चिकित्सकों ने महिला का आपरेशन करने की बात कही जिसके बाद महिला ने आपरेशन के बाद एक बच्चे को जन्म दिया लेकिन कुछ समय बाद महिला की हालत बिगडनी शुरू हो गयी तथा लगातार ब्लीडिंग जारी रही जिसके बाद चिकित्सकों ने महिला को मेरठ के लिए रैफर कर दिया। मेरठ में जांच के दौरान पता चला कि चिकित्सकों ने आपरेशन में घोर लापरवाही दिखाते हुए महिला के पेट में एक कपडा छोड दिया गया जिससे उसके पेट में संक्रमण फैल चुका है, चिकित्सकों ने आपरेशन कर महिला के पेट से कपडा तो निकाल दिया लेकिन उसकी हालत में कुछ सुधार नहीं हुआ और उसने दम तोड दिया। महिला की मौत से जहां परिजनों में कोहराम मच गया वहीं आक्रोश भी फैल गया। परिजन महिला के शव को लेकर शहर कोतवाली पहुंच गए तथा दिल्ली रोड स्थित हास्पिटल के चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने किसी तरह परिजनों को समझा बुझाकर शांत किया तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। पुलिस ने परिजनों को आश्वासन दिया कि पूरे मामले की गहनता से जांच पडताल की जाएगी और उसके बाद आगे की कार्रवाई होगी। वहीं पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव गांव ले गए, परिजनों ने चेतावनी दी कि जब तक इस मामले में कार्रवाई नहीं होगी वे शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।




-1780322764938.webp)




-1780338863872.webp)
-1780338355965.webp)