कांधला। कस्बा एलम स्थित सहकारी समिति में डीएपी और यूरिया की कमी से परेशान किसानों ने शनिवार को समिति के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। किसानों का आरोप है कि बार-बार चक्कर लगाने के बावजूद उन्हें पर्याप्त खाद नहीं मिल पा रही, जिससे फसलों की बुआई प्रभावित हो रही है।
शनिवार को कस्बा एलम में स्थित सहकारी समिति पर किसानों को समय पर खाद न मिलने से नाराजगी फूट पड़ी। यह समिति बनेड़ा, नाला, कनियान सहित आसपास के कई गाँवों के किसानों के लिए उर्वरक का मुख्य स्रोत है। दर्जनों किसान समिति पर एकत्र हो गए और कम खाद उपलब्ध कराने के खिलाफ हंगामा शुरू कर दिया। किसानों ने बताया कि वे लगातार समिति के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें पर्याप्त मात्रा में डीएपी और यूरिया नहीं दिया जा रहा। आशीष, मोनू, शिवकुमार, राहुल, निशु सहित दर्जनों किसानों ने सहकारी समिति के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान भारी संख्या में अन्य किसान भी मौजूद रहे। किसानों का कहना है कि खाद के अभाव में समय पर खेतों में खाद डालना मुश्किल हो गया है, जिससे उपज पर असर पड़ेगा। प्रदर्शनकारियों ने माँग की कि प्रशासन तुरंत हस्तक्षेप कर समिति में खाद की उपलब्धता सुनिश्चित कराए। फिलहाल समिति प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।















